समस्तीपुर : शहर में नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दावों के बीच एक बार फिर हकीकत सामने आई है। नगर थाना क्षेत्र के बाईपास किनारे बूढ़ी गंडक नदी की ओर ढाब में अवैध शराब, ब्राउन शुगर समेत अन्य नशीले पदार्थों के खुलेआम कारोबार हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह धंधा लंबे समय से चल रहा है, लेकिन प्रभावी कार्रवाई के अभाव में नशे का नेटवर्क लगातार मजबूत होता जा रहा है। इसी इलाके की एक युवती ने मनचलों और नशेड़ियों की हरकतों से तंग आकर खुद वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वीडियो में ढाबों के आसपास संदिग्ध गतिविधियां, नशे में धुत युवक और महिलाओं से अभद्रता जैसे दृश्य दिख रहा रहा है। बताया जा रहा है कि बाइपास किनारे देर शाम से रात तक नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है। इधर से गुजरने वाली महिलाओं और लड़कियों का गुजरना मुश्किल हो गया है। आए दिन छींटाकशी, अश्लील टिप्पणियां और डराने-धमकाने की घटनाएं सामने आती रही हैं। इन्हीं हालात से आजिज आकर युवती ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, ताकि प्रशासन का ध्यान इस ओर जाए।
राज्य में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बावजूद जिले में अवैध शराब और ब्राउन शुगर जैसे नशीले पदार्थों का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा। बाईपास क्षेत्र में स्थित ढाबे कथित तौर पर इन धंधों के सुरक्षित अड्डे बने हुए हैं, जहां बाहरी इलाकों से आने वाले लोग आसानी से नशे की सामग्री हासिल कर लेते हैं। नशे के बढ़ते कारोबार पर रोक लगाने के लिए जिले में नारकोटिक्स सेल का गठन किया गया है। बावजूद इसके, अब तक ब्राउन शुगर के बड़े गिरोह तक पुलिस नहीं पहुंच पाई है। समय-समय पर छोटे तस्करों की गिरफ्तारी और मामूली बरामदगी जरूर होती है, लेकिन इसके पीछे काम कर रहे संगठित नेटवर्क पर हाथ डालने में पुलिस नाकाम दिख रही है।
इस संबंध में सदर एसडीपीओ-1 सह एएसपी संजय कुमार पांडेय ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की जानकारी पुलिस को मिली है। नगर थाना को बाईपास क्षेत्र और ढाबों के आसपास विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। यदि जांच में अवैध शराब, ब्राउन शुगर या अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार की पुष्टि होती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। मनचलों और नशेड़ियों द्वारा महिलाओं से अभद्रता की किसी भी घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाएगी। नारकोटिक्स सेल सक्रिय है। बड़े नेटवर्क तक पहुंचने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है।
समस्तीपुर/दलसिंहसराय: समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय से सटे बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र के रसीदपुर…
समस्तीपुर/खानपुर [यशवंत चौधरी] : समस्तीपुर जिला के खानपुर प्रखंड के पुरुषोत्तमपुर अन्नु पंचायत के वार्ड…
समस्तीपुर : शहर के मथुरापुर थाना क्षेत्र के मुक्तापुर पेट्रोल पंप के समीप शुक्रवार की…
समस्तीपुर : समस्तीपुर, बेगूसराय, सीवान, सारण, वैशाली, पूर्वी एवं पश्चिमी चम्पारण जिलों में 19-20 जुलाई…
समस्तीपुर : जेल की ऊंची-ऊंची दीवारें अक्सर अपराध, सजा और बेबसी की कहानियां समेटे रहती…
समस्तीपुर : शहर के आजाद चौक बीएड कॉलेज मोहल्ला स्थित अध्यापक शिक्षा महाविद्यालय परिसर स्थित…