सुरक्षा कर्मियों ने असामाजिक तत्वों को BRB कॉलेज में प्रवेश करने से रोका तो काॅलेज स्टाफ को जमकर पीटा
व्हाट्सएप पर हमसे जुड़े
समस्तीपुर :- शहर के मोहनपुर रोड स्थित बीआरबी कॉलेज के मुख्य द्वार पर शुक्रवार को कुछ असामाजिक तत्वों ने कॉलेज के कर्मी जामुन सहनी व राजा कुमार के साथ मारपीट की। यहां तक की उसके कपड़े भी फाड़ डाले। इसको लेकर पीड़ित कर्मी द्वारा मुफस्सिल थाने में आवेदन दिया गया है। बताया गया है कि दोनों कर्मी शुक्रवार की दोपहर नाश्ता करने के लिए काॅलेज से बाहर गए तो मुख्य द्वार के पास कुछ लोगों ने उनके साथ बेरहमी से मारपीट की।
घटना की सूचना काॅलेज के प्रधानाचार्य डा. बीरेंद्र कुमार चौधरी ने मुफस्सिल थाना को दी। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार मिश्रा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने से पूर्व ही बदमाश घटनास्थल से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार काॅलेज में अराजक तत्वों के जमावड़ा और संपत्ति की सुरक्षा को लेकर प्राइवेट एजेंसी के सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए है। ग्रीष्मावकाश के उपरांत शुक्रवार को काॅलेज खुला। पहचान पत्र के आधार पर छात्रों को प्रवेश मिल रहा था। इस कारण असामाजिक तत्वों को प्रवेश नहीं मिल सका। सभी को परिसर से बाहर करा दिया गया।
इसी क्रम में काॅलेज के कर्मचारी जमुना कुमार सहनी व राजा कुमार नाश्ता करने मुख्य द्वार से बाहर निकले। लगभग आधे दर्जन की संख्या में बदमाशों ने घेरकर दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। हो-हल्ला होने पर काॅलेज कर्मी और सुरक्षा गार्ड के दौड़कर पहुंचने के उपरांत उसकी जान बची। पीड़ित कर्मी ने अजय कुमार, कुंदन कुमार, देवराज कुमार, रौशन कुमार सहित चार अन्य को आरोपित किया है। आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए मुफस्सिल थानाध्यक्ष को आवेदन दिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई हैं।
नीचे देखें वीडियो…