नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव जीतने के बाद बिहार में एनडीए की नई सरकार के गठन को लेकर सियासत गर्माई हुई है। सीएम नीतीश के गुरुवार को दिल्ली जाने का कार्यक्रम है। 10 अप्रैल को उनका बतौर राज्यसभा सांसद शपथ ग्रहण होगा। फिर पटना आकर वे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे। इस बीच, खबर आई है कि सत्ताधारी गठबंधन में नई सरकार को लेकर सब कुछ सेट हो गया है। दोनों मुख्य दलों भारतीय जनता पार्टी (BJP) एवं जनता दल यूनाइटेड (JDU) में नए मुख्यमंत्री के साथ ही डिप्टी सीएम के पद को लेकर भी सहमति बन गई है।
जेडीयू के विश्वस्त सूत्रों ने हिन्दुस्तान को बताया है कि नीतीश कुमार राज्यसभा सांसद की शपथ लेने के बाद 11 अप्रैल को पटना वापस लौटेंगे। इसके बाद किसी भी दिन वह मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ सकते हैं। प्रक्रिया के तहत नीतीश सबसे पहले पटना में एनडीए विधान मंडल दल की बैठक बुलाएंगे। फिर इसी बैठक में सीएम पद छोड़ने की औपचारिक सूचना वे विधायकों को देंगे। वहीं से लोकभवन जाकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे।
नीतीश कुमार के पद छोड़ने के बाद बिहार में नई सरकार के गठन की औपचारिक प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। सबसे पहले सभी घटक दलों की विधायक दल की बैठक बुलाई जाएगी। उसमें पांचों पार्टियां अपने-अपने विधायक दल का नेता चुनेंगी। फिर एनडीए के संयुक्त विधान मंडल दल की बैठक बुलाई जाएगी। इसमें नए नेता (मुख्यमंत्री) की घोषणा की जाएगी।
जेडीयू के विश्वस्त सूत्रों के अनुसार, एनडीए के दलों में नई सरकार को लेकर आपसी साझेदारी बन चुकी है। अगला मुख्यमंत्री भाजपा का ही होगा। भाजपा पहली बार बिहार में अपना सीएम बनाएगी। भाजपा से मु्ख्यमंत्री का नाम अभी घोषित नहीं किया जाएगा। नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद एनडीए विधायक दल की बैठक में ही नए नेता के नाम की घोषणा किए जाने की संभावना है। तब तक अटकलों और सस्पेंस का दौर चलता रहेगा। हालांकि, अगले सीएम के तौर पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है। हालांकि, अन्य कई नाम भी रेस में चल रहे हैं।
लगभग दो दशक तक सत्ता के मुखिया रहे नीतीश भले ही मुख्यमंत्री पद छोड़ेंगे। मगर उनकी पार्टी जेडीयू का नई सरकार में प्रभाव कम नहीं होगा। सूत्रों के अनुसार, नई सरकार में मुख्यमंत्री भले ही भाजपा का होगा, लेकिन जेडीयू की मौजूदगी भी दमदार रहेगी। जेडीयू को डिप्टी सीएम का पद मिलेगा। नीतीश की पार्टी पहली बार बिहार में अपना उप-मुख्यमंत्री बनाएगी। जेडीयू से डिप्टी सीएम कौन होगा, इस पर अभी फैसला नहीं लिया गया है। हालांकि, नीतीश के बेटे निशांत कुमार के नाम की चर्चा इस पद के लिए जोरों पर है।
बिहार में एनडीए की नई सरकार के गठन में अब चंद दिनों का समय बचा है। अभी खरमास चल रहा है, जो 14 अप्रैल को खत्म होगा। हिंदू मान्यताओं के अनुसार, खरमास में कोई भी शुभ कार्य नहीं किए जाते हैं। ऐसे में माना जा रहा कि खरमास के बाद ही बिहार में नेतृत्व परिवर्तन होगा। 15 अप्रैल के बाद बिहार में भाजपा के मुख्यमंत्री और नए मंत्रिमंडल के शपथग्रहण होने की पूरी संभावना है।
समस्तीपुर : मुफस्सिल थाने की पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए तीन वारंटियों समेत शराब…
एक नवविवाहिता के समस्तीपुर रेलवे स्टेशन से अचानक गायब होने का मामला सामने आया है.…
समस्तीपुर/बिथान : समस्तीपुर जिले के बिथान प्रखंड के सोहमा पंचायत में मनरेगा योजनाओं को लेकर…
समस्तीपुर : सरकारी एवं निजी स्कूलों के शिक्षकों का प्रशस्त ऐप 2.0 पर पंजीकरण कराने…
समस्तीपुर : बिहार सरकार के शिक्षा विभाग द्वारा राज्य में भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के…
बिहार सरकार के मंत्री और महुआ विधानसभा सीट से विधायक संजय सिंह पर एक युवती…