Bihar

मोदी को गाली से कांग्रेस ने पल्ला झाड़ा; कहा- BJP का टूलकिट, हमसे लेना-देना नहीं

बिहार में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की चल रही वोटर अधिकार यात्रा के दौरान दरभंगा में कांग्रेस नेता मोहम्मद नौशाद के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मां की गाली देने के विवाद से कांग्रेस ने पल्ला झाड़ लिया है। पुलिस ने आरोपी रिजवी को गिरफ्तार किया है, जो पिकअप जीप का ड्राइवर है। कांग्रेस के महासचिव सचिन पायलट ने मोदी को अपशब्द कहने की निंदा की है और कहा कि कांग्रेस पार्टी का उससे कोई लेना-देना नहीं है। पायलट ने कहा कि यात्रा निकलने के बाद किसी ने मंच पर चढ़कर यह हरकत की है। वहीं कांग्रेस के मीडिया प्रमुख पवन खेड़ा ने इसे बीजेपी की ही साजिश के तौर पर पेश किया है।

सचिन पायलट ने बेतिया में शुक्रवार की सुबह मीडिया से बातचीत में पीएम मोदी को गाली देने से जुड़े सवाल पर कहा कि जिसने भी ऐसा किया है, उससे कांग्रेस का कोई लेना-देना नहीं है। पायलट ने कहा- “मैं निंदा करता हूं। भर्त्सना करता हूं। कांग्रेस का कोई लेना-देना नहीं था। यात्रा निकल चुकी थी। हजारों लोग हैं। मंच पर कोई चढ़ जाए और अपशब्द का उपयोग करे, इसको सही नहीं मानता हूं। … जिसने भी ऐसा किया, उससे हमारी पार्टी का कोई लेना-देना नहीं। यात्रा निकल जाए और बाद में मंच पर कोई चढ़ जाए और बोल दे। जिसने भी कहा, गलत बात की। नहीं कहना चाहिए। राजनीति में इस प्रकार के शब्दों का कोई स्थान ही नहीं है।

वहीं बिहार के गोपालगंज में कांग्रेस के मीडिया और प्रचार विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा ने इस मामले को बीजेपी के टूलिकट का हिस्सा बताते हुए पूछा है कि कांग्रेस अपनी यात्रा बिगाड़ने का काम क्यों करेगी। पवन खेड़ा ने कहा- “किसने करवाया, हम ये जानना चाहते हैं। हमारी यात्रा को बिगाड़ने की कोशिश कौन करेगा। हम तो नहीं करेंगे ना। एक टूलकिट है, बीजेपी की, खुद ही किसी को भेजो, अपने ही नेता को गाली दिलवाओ, फिर मुद्दा बनवाओ, सबसे ट्वीट करवाओ, फिर हमारे पार्टी मुख्यालय में मारपीट करो, सिर फोड़ो हमारे कार्यकर्ताओं के। ये टूलकिट का हिस्सा है इनके। हम तो जानना चाहते हैं कि किस भाजपा नेता ने इस तरह के लोग हमारी सभा में भेजे ताकि अपने ही प्रधानमंत्री को ये गाली दें।”

एक दूसरी समाचार एजेंसी से बातचीत में पवन खेड़ा ने कहा कि वोटर अधिकार यात्रा से भाजपा बौखला गई है और ध्यान भटकाने के लिए उसके एजेंट ने ही गाली दी है। खेड़ा ने कहा- “किसने की टिप्पणी। इन्हीं के एजेंट थे। घूमते रहते हैं, करते रहते हैं बदमाशी और फिर यही मुद्दा बनाते हैं ताकि यात्रा से ध्यान हटा सकें। ये बौखलाए हुए हैं यात्रा से। इनकी चोरी पकड़ी गई है, इसलिए बौखलाए हुए हैं। कौन है, जो गिरफ्तार हुआ। किसका आदमी है। किसने करवाया उससे। पता लगाइए। गुंडागर्दी कर रखी है सदाकत आश्रम में। जनता सब देख रही है। पूरा देश देख रहा है भारतीय जनता पार्टी की गुंडागर्दी। और ये चलेगी नहीं गुंडागर्दी ज्यादा दिन।”

पवन खेड़ा ने आगे कहा- “सारे मंत्री ट्वीट कर रहे हैं। सबको कहा जा रहा है ट्वीट करने के लिए। कौन करवा रहा है ये सब। पहले गाली दिलवाते हैं अपने ही प्रधानमंत्री को ताकि मुद्दा बने। फिर मुद्दा बनाते हैं। फिर सबसे ट्वीट करवाते हैं। फिर हमारे सदाकत आश्रम में हमारे कार्यकर्ताओं से मारपीट करते हैं। सिर फोड़ देते हैं। क्या हो रहा है ये।”

बता दें कि शुक्रवार की सुबह पटना में बिहार कांग्रेस के दफ्तर सदाकत आश्रम तक भाजपा का एक मार्च निकला था, जिसमें मंत्री नितिन नबीन और संजय सरावगी के साथ बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता शामिल थे। सदाकत आश्रम के गेट पर भाजपा और कांग्रेस के लोगों के बीच बहस और मारपीट हो गई। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा के मंत्री और समर्थकों ने दफ्तर में घुसकर उसके लोगों को पीटा और गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। नितिन नबीन ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस दफ्तर से पथराव हुआ था। पुलिस ने हालात संभाल लिए हैं। दोनों पक्षों ने मारपीट में अपने-अपने लोगों के जख्मी होने की बात कही है।

Avinash Roy

Recent Posts

मगरदही में विगत महीनें हुए जमीनी विवाद में फायरिंग मामले में एक नामजद आरोपी गिरफ्तार

समस्तीपुर : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मगरदही खरीदाबाद वार्ड संख्या-36 में जमीन विवाद को लेकर…

7 मिनट ago

समस्तीपुर जिले के अलग-अलग जगहों से पांच शराबियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

समस्तीपुर : मुफस्सिल थाने की पुलिस ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए अलग-अलग जगहों से…

39 मिनट ago

समस्तीपुर में चैती छठ और ईद-उल-फितर को लेकर प्रशासन अलर्ट, क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए SDO ने की समीक्षा बैठक

समस्तीपुर : चैती छठ एवं ईद-उल-फितर पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने…

1 घंटा ago

SC-ST अत्याचार निवारण मामलों में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त — सदर SDO

समस्तीपुर : सदर एसडीओ दिलीप कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित…

4 घंटे ago

‘बिहारी बाबु’ ईशान किशन बने SRH के कप्तान, अभिषेक शर्मा को भी बड़ी जिम्मेदारी

आईपीएल 2026 से पहले सैनराइजर्स हैदराबाद ने बड़ा फैसला लिया है. फ्रेंचाइजी ने विकेटकीपर बल्लेबाज…

5 घंटे ago