JDU के बाद BJP ने भी चिराग को दिया झटका, LJP की एकमात्र MLC भाजपा में शामिल
लोजपा की एकमात्र MLC नूतन सिंह ने सोमवार को भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया। नूतन सिंह बिहार सरकार के मंत्री और भाजपा विधायक नीरज कुमार बबलू की पत्नी हैं। वे बॉलीवुड के दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की भाभी हैं। नूतन सिंह के अलावा पूर्व IAS अधिकारी उदय प्रताप सिंह भी भाजपा में शामिल हुए।
अरुणाचल प्रदेश में जदयू के 6 विधायक को तोड़ने के बाद भाजपा ने अपने ही गठबंधन के साथी लोजपा की MLC को तोड़ दिया। इस तरह भाजपा के हनुमान कहे जाने वाले चिराग पासवान को भाजपा ने ही झटका दे दिया है। नूतन सिंह बिहार विधान परिषद् में लोजपा की अकेली MLC थीं। उनके भाजपा में जाने का बाद अब विधान परिषद् से लोजपा आउट हो गई है।
उधर, बिहार विधानसभा में भी लोजपा के एकमात्र विधायक राजकुमार लोजपा छोड़ने की तैयारी कर रहे हैं। उनके जदयू में शामिल होने की चर्चा चल रही है। हाल ही में उन्होंने जदयू नेता अशोक चौधरी से मुलाकात की थी।